अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान SDOP दतिया का मानवीय चेहरा— रोते हुए नवजात को गोद में लेकर दिखाई संवेदनशीलता
आज दिनांक 25/01/2026 को दतिया पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। इसी कार्रवाई के दौरान एक अत्यंत मार्मिक एवं मानवीय दृश्य सामने आया।
दबिश के समय एसडीओपी अनुभाग दतिया श्रीमती आकांक्षा जैन द्वारा एक नवजात शिशु (लगभग तीन माह) को अत्यधिक सर्दी में अकेला, भूखा एवं रोता हुआ देखा गया। शिशु की दयनीय स्थिति को देखते हुए एसडीओपी दतिया ने बिना किसी विलंब के उसे अपनी गोद में उठाया और तत्काल दूध मंगवाकर शिशु को पिलाया।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए नवजात के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था कर उसे कपड़ों में लपेटकर सुरक्षित एवं सहज किया गया, जिससे शिशु शांत हुआ। तत्पश्चात शिशु को उसकी बड़ी बहन के सुपुर्द कर आवश्यक समझाइश भी दी गई।
एसडीओपी दतिया श्रीमती आकांक्षा जैन का यह कर्तव्यनिष्ठ एवं करुणामय व्यवहार पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को दर्शाता है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज के कमजोर और असहाय वर्ग के प्रति इस प्रकार की संवेदना दतिया पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करती है।





