।। प्रेस नोट ।।
पुलिस लाइन दतिया

सामुदायिक भवन पुलिस लाइन दतिया में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

आज पुलिस लाइन दतिया के सामुदायिक भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूरज कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक दतिया रहे। कार्यक्रम में सुनील कुमार शिवहरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दतिया, आकांक्षा जैन, एसडीओपी दतिया तथा पूनमचंद यादव, एसडीओपी भांडेर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला अभियोजन कार्यालय दतिया से संचिता अवस्थी द्वारा महिलाओं को कानून संबंधी अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं महिला संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध जैसे बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे बचाव एवं कानूनी कार्रवाई के विषय में भी जागरूक किया गया।

Datia Police
Datia Police

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक दतिया श्री सूरज कुमार वर्मा ने महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति हैं और आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिला पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रूप से कार्य करते देखकर महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है तथा समाज में महिलाओं पर लगी कई पुरानी पाबंदियां और संकोच धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं। इससे महिलाओं को आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिल रही है।
इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारी, महिला कर्मचारीगण एवं क्षेत्र की कई महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन महिला थाना प्रभारी मोनिका मिश्रा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी दतिया श्रीमती आकांक्षा जैन द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उपस्थित अतिथि एडीपीओ संचिता अवस्थी,डॉक्टर श्वेता यादव, CWC head एडवोकेट कल्पना राजे, सदस्य श्रीमती कृष्णा कुशवाह,OSC अधीक्षिका श्रीमती रीना गौतम, सोनम राजपूत खेल विभाग दतिया एवं महिला पुलिस अधिकारी/कर्मचारी का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना एवं समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का संदेश देना रहा। अंत में सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

keyboard_arrow_up
Skip to content