राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दतिया में आयोजित हुई एकता दौड़, जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता, अखंडता एवं राष्ट्र की सुरक्षा का दिया संदेश, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। एकता दौड़ को कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री मानवेंद्र सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री धीरू दांगी एवं श्री रामजी खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस बल, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र की सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण किया गया तथा युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र कुशवाह, एसडीएम सुश्री सोनाली राजपूत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल, विद्यालयों के विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।





