। प्रेस विज्ञप्ति ।।
जिला मुख्यालय, दतिया
पुलिस उप महानिरीक्षक, चंबल रेंज श्री सुनील कुमार जैन ने दीप प्रज्वलित कर 6 दिवसीय प्रथम प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ किया
वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश से प्राप्त कार्यक्रम अनुसार दतिया पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित यातायात पार्क में पुलिस बल की विभिन्न शाखाओं (जिला पुलिस बल, वि स बल, होमगार्ड, रेडियो एवं विशेष शाखा) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 6 दिवसीय (1/6/26 से 6/6/26 तक) विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार जैन और दतिया पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खण्डेलवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि, सिंहस्थ महापर्व में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं पर्यटक सम्मिलित होते हैं। ऐसे विशाल धार्मिक आयोजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सिंहस्थ ड्यूटी के दौरान पुलिस का व्यवहार अत्यंत संवेदनशील, संयमित एवं जनहितैषी होना चाहिए। उन्होंने समझाइस दी कि बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के साथ शालीनता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए तथा श्रद्धालुओं की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिसकर्मियों का धैर्य, सेवा भाव एवं श्रद्धाभाव ही उनकी सबसे बड़ी पहचान होगी और यही श्रद्धालुओं के मन में पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल को यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आवासीय व्यवस्था, आपदा प्रतिक्रिया, संचार समन्वय तथा सॉफ्ट स्किल्स सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत दतिया जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 20 सत्र में संपन्न होगा। जिसका प्रथम सत्र आज दिनांक 1/6/26 से प्रारंभ हो गया हे प्रथम सत्र में जिले के लगभग 70 अधिकारी एवं कर्मचारियों, जिनमें महिला एवं पुरुष को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम टीओटी (Training of Trainers) मॉडल पर आधारित है। प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स आगामी चरणों में जिले के समस्त पुलिस बल को निर्धारित 6 दिवसीय मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर एवं कार्ययोजना पुलिस मुख्याल द्वारा तैयार की गई है।
प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर एसडीओपी दतिया आकांक्षा जैन, रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक धीरेन्द्र मिश्रा, सूबेदार अजय वर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन किया जाएगा।





