पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खण्डेलवाल द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय दतिया में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन, फरियादियों तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने व्यक्तिगत, सामाजिक एवं कानून व्यवस्था से संबंधित समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक श्री खण्डेलवाल ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

SP Datia, Mayur Khandelwal IP, Datia Police
SP Datia, Mayur Khandelwal IP, Datia Police

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा भी अवकाश, विभागीय कार्य संबंधी कठिनाइयों एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित शाखाओं को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खण्डेलवाल ने कहा कि पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम रखना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

keyboard_arrow_up
Skip to content