पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम में ली अनुभाग बड़ौनी की अपराध समीक्षा बैठक
आदतन अपराधियों, नशेड़ियों, गुंडों एवं निगरानी बदमाशों के डोजियर की गहन समीक्षा, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल द्वारा शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम दतिया में अनुभाग बड़ौनी की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुभाग के समस्त थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित शाखाओं के कर्मचारियों ने सहभागिता की,बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल ने थाना स्तर पर संचालित अपराध नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आदतन अपराधियों, नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों, गुंडा तत्वों एवं निगरानी बदमाशों के डोजियर का गहन परीक्षण किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अपराधी जो बार-बार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए नियमित निगरानी रखी जाए।

उन्होंने प्रत्येक थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार, नशाखोरी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखें।बैठक में अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामीली, हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।





