सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दतिया द्वारा वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए

प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें हो रही जनहानि को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में दिनांक 26/04/2026 से 10/05/2026 तक विशेष हेलमेट अनिवार्यता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर युवाओं एवं महिला वाहन चालकों, को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इसी क्रम में दतिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक दतिया श्री मयूर खण्डेलवाल द्वारा वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल नियमों का पालन करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है।

SP Datia, Datia Police
SP Datia, Datia Police

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शिवहरे, रक्षित निरीक्षक सौरव तिवारी, यातायात प्रभारी निरीक्षक सपना शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी संस्था के सहयोग से हेलमेट वितरण किया गया।

keyboard_arrow_up
Skip to content